अजमेर जिले में कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच राम सिंह चौधरी सहित परिवार के 4 सदस्यों की जिंदा जलने से मौत मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. गुरुवार (28 मई, 2026) को सुबह बोराड़ा थाना क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो कार जली हालत में मिली, बारीकी से जांच करने पर सामने आया कि कांग्रेस नेता व पूर्व सरपंच सहित परिवार के सभी 4 सदस्यों की जिंदा जलने से मौत हुई. चंद घंटों बाद ही पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि बोराड़ा थाना क्षेत्र स्थित श्रीरामपुरा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते पहली पत्नी ने अपने दो बच्चों के साथ मिलकर पति, सास, पति की दूसरी पत्नी और और एक अन्य रिश्तेदार पहले तो बेरहमी से पीटा फिर जिंदा स्कॉर्पियो कार में जला दिया.आरोप है कि राम सिंह चौधरी की पहली पत्नी ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया और सबूत मिटाने के लिए सभी चारों शव कार में डालकर जला दिया।
पहले मारा फिर कार में जलाए शव!
स्थानीय पुलिस की मानें तो गुरुवार सुबह बोराड़ा थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो कार जली हुई मिली थी. जांच की कड़ी में पता चला कि कांग्रेस नेता व पूर्व सरपंच सहित परिवार के सभी 4 सदस्यों की जिंदा जलने से मौत हो गई. हत्या आरोप कांग्रेस नेता रामसिंह चौधरी की पहली पत्नी सुनीता पर लगा है. पुलिस सूत्रों की मानें तो धारदार हथियार से हमला करके रामसिंह चौधरी, उनकी माता पूसी देवी, रामसिंह की दूसरी पत्नी सुरज्ञान और उनकी बुआ की बेटी महिमा की हत्या की गई. इसके बाद सबूत मिटाने के लिए कार में आग लगाने की घटना को अंजाम दिया गया.
हत्या से 5 घंटे पहले डाली थी अंतिम पोस्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी ने हत्या से करीब 5 घंटे पहले एक पोस्ट भी किया था. रात को करीब 12 बजे रामसिंह चौधरी ने अंतिम फेसबुक पोस्ट पुलिस सुरक्षा हटाए जाने को लेकर सवाल उठाए थे. इसमें उन्होंने जानकारी दी कि पुलिस सुरक्षा के लिए गनमेन मिला हुआ था तो किसी को क्या एतराज था. जान माल का खतरा होने के कारण सरकार ने पुलिस सुरक्षा दी थी. इससे लोगों को क्या दिक्कत है. सवाल यह भी है कि पोस्ट के 5 घंटे बाद उनकी हत्या हो गई.
हत्या के आरोप में पहली पत्नी शक के घेरे में
यह भी कहा जा रहा है कि चारों (रामसिंह चौधरी, उनकी माता पूसी देवी, रामसिंह की दूसरी पत्नी सुरज्ञान और उनकी बुआ की बेटी महिमा) को पहले ही घर में ही मार दिया गया था. इसके बाद 500 मीटर दूर कार में जलाकर हादसा साबित करने की कोशिश हुई. वहीं, शुरुआती जांच में पुलिस ने रामसिंह चौधरी की पहली पत्नी सुनीत को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है