कृष्णा केशव स्कूल के दो छात्रों का 69वीं राष्ट्रीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में चयन
पीसांगन मांगलियावास. मांगलियावास रोड, पीसांगन स्थित कृष्णा केशव कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के दो प्रतिभाशाली छात्रों शुभम सिंह राठौड़ एवं मुकेश राम गुर्जर का 17 वर्षीय छात्र वर्ग में 69वीं राष्ट्रीय स्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए अंतिम चयन हुआ है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दोनों छात्रों का अंतिम चयन 26 से 27 मार्च 2026 को श्री कृष्ण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शेखावाटी (सीकर) में आयोजित चयन शिविर में हुआ। चयनित छात्र अब 6 से 7 अप्रैल 2026 को भुवनेश्वर (उड़ीसा) में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में अजमेर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 17 वर्ष छात्र वर्ग में अजमेर जिले से केवल चार खिलाड़ियों का चयन हुआ, जिनमें शुभम सिंह राठौड़ एवं मुकेश राम गुर्जर का चयन विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। दोनों खिलाड़ी पूर्व में राज्य स्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।
इस उपलब्धि पर विद्यालय में हर्ष का माहौल रहा। अजमेर जिला रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह चौहान एवं विद्यालय निदेशक कृष्णा कंवर चौहान ने दोनों छात्रों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया।
कृष्णा कंवर चौहान ने बताया कि इस सफलता में कोच मनजीत सिंह राठौड़ (रा.उ.मा.वि. नांद) एवं सुरेंद्र पाल श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा है। विद्यालय स्टाफ ने दोनों कोचों एवं खिलाड़ियों को बधाई दी।
गौरतलब है कि गत वर्ष भी विद्यालय के पांच छात्रों का चयन राष्ट्रीय स्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हो चुका है, जिससे विद्यालय खेल क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
यह उपलब्धि पीसांगन क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे अजमेर जिले के लिए गर्व का विषय है।